Oplus_131072

शिमला: हिमाचल प्रदेश में मानसून एक बार फिर रौद्र रूप दिखा सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के शिमला केंद्र ने प्रदेश के लिए 10 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार आने वाले छह दिनों में कई जिलों में भारी वर्षा के साथ भूस्खलन, फ्लैश फ्लड, चट्टानें गिरने और जलभराव जैसी घटनाओं का खतरा बना रहेगा।मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 5 से 10 अगस्त के दौरान प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहेगा, जबकि कई स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की जा सकती है।

इन जिलों में विशेष सतर्कता कांगड़ा, मंडी, शिमला, सिरमौर, ऊना, बिलासपुर और सोलन जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं कुल्लू, चंबा, किन्नौर और लाहौल-स्पीति में भी कई स्थानों पर बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।

भूस्खलन और फ्लैश फ्लड का खतरा लगातार बारिश के कारण संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन, चट्टानें गिरने, अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड), नदी-नालों के जलस्तर में बढ़ोतरी और निचले क्षेत्रों में जलभराव की आशंका जताई गई है। पहाड़ी सड़कों पर फिसलन और घनी धुंध के कारण यातायात भी प्रभावित हो सकता है।

तेज हवाओं की भी चेतावनी मौसम विभाग ने बताया कि 10 अगस्त तक किन्नौर और लाहौल-स्पीति में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं मध्य और निचले पर्वतीय क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज हवाओं की संभावना भी बनी हुई है।

लोगों के लिए एडवाइजरी आईएमडी ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान नदी-नालों से दूर रहें, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचें और यात्रा पर निकलने से पहले मौसम का अपडेट जरूर देखें। साथ ही स्थानीय प्रशासन और मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।