हिमाचल प्रदेश के मंडी शहर के जेल रोड में किराये के कमरे में जिला अदालत में कार्यरत एक न्यायिक कर्मी  फंदे से लटका हुआ मिला। मंगलवार सुबह उसका शव बरामद किया गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव कब्जे में लिया और जांच पड़ताल की। सदर पुलिस के अनुसार जिला कांगड़ा के मुल्थान निवासी राकेश ठाकुर (29) रविवार रात मंडी के जेल रोड स्थित अपने किराये के कमरे में था। सोमवार सुबह उसका दोस्त यहां पहुंचा और दरवाजा खटखटाया, लेकिन दरवाजा न खोलने पर उसने खिड़की से कमरे में झांका तो दंग रह गया। देखा कि दोस्त फंदे पर लटक रहा है। इस पर उसने मकान मालिक को सूचना दी। मकान मालिक ने पार्षद को बताया। पार्षद के माध्यम से सूचना पुलिस को मिली।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बंद दरवाजे को तोड़ा और शव कब्जे में लिया। शव रस्सी के फंदे से पंखे की कुंडी पर लटका हुआ था। घटना की जानकारी पुलिस ने मृतक के परिजनों को दे दी है। पुलिस ने मौके पर जांच पड़ताल की, लेकिन कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। पुलिस के अनुसार अभी तक परिजनों ने इस मामले में किसी भी तरह का शक जाहिर नहीं किया है। उधर, पुलिस अधीक्षक मंडी साक्षी वर्मा ने बताया कि मामले में तथ्यों को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है।

उधर, धर्मपुर क्षेत्र के पैहड़ में एक महिला अपने घर में ही फंदे पर लटकी हुई मिली। पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह मामला आत्महत्या का लग रहा है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। धर्मपुर पुलिस के अनुसार सोमवार दोपहर सरिता मिश्रा पत्नी रवि कुमार का कमरा अंदर से बंद मिला। सास के बार-बार खटखटाने पर दरवाजा नहीं खोला। घर पहुंचे बेटे रवि कुमार को माता ने यह जानकारी दी। कमरे का दरवाजा जबरन खोलने पर सरिता अंदर फंदे से लटकी हुई मिली। पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक महिला करीब डेढ़ माह से मानसिक रूप से बीमार चल रही थी और उसका ईलाज नेरचौक मेडिकल कॉलेज में चल रहा था। पुलिस ने परिजनों व अन्य के बयान कलमबद्ध कर लिए हैं। मृतक महिला अपने पीछे ढाई व छह महीने की दो मासूम बेटियां छोड़ गई हैं। महिला मूल रूप से उतर प्रदेश के बलरामपुर की रहने वाली थी और वर्ष 2022 में रवि कुमार के साथ शादी हुई थी। उधर, डीएसपी संजीव सूद ने बताया कि मामले की जांच जारी है। परिजनों में फिलहाल किसी तरह का कोई शक जाहिर नहीं किया है।