
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू 12 और 14 अगस्त को बिलासपुर जिले के प्रवास पर रहेंगे। जिला प्रशासन की ओर से मुख्यमंत्री के दौरे का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। दो दिवसीय प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के साथ विकासात्मक योजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे।
उपायुक्त राहुल कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री 12 अगस्त को झंडूता विधानसभा क्षेत्र के धराड़सानी पहुंचेंगे। यहां दोपहर 12:20 बजे मुख्यमंत्री मछुआरा सम्मान निधि वितरण कार्यक्रम और मछुआरा सम्मेलन की अध्यक्षता करेंगे। कार्यक्रम के दौरान मछुआरा समुदाय से जुड़े लोगों को सम्मान निधि का वितरण किया जाएगा। सम्मेलन में समुदाय से जुड़े विभिन्न मुद्दों और योजनाओं को लेकर भी चर्चा होगी। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री करीब दोपहर दो बजे हमीरपुर के लिए रवाना होंगे।
मुख्यमंत्री 14 अगस्त को दोबारा बिलासपुर जिले के प्रवास पर आएंगे। इस दिन वह घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के निहारी में आयोजित राज्य स्तरीय वन महोत्सव की अध्यक्षता करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर 12 बजे निहारी पहुंचेंगे और वन महोत्सव कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर 1:05 बजे राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दधोल पहुंचेंगे। दधोल में मुख्यमंत्री विद्यार्थियों के साथ संवाद करेंगे। इस दौरान वह विद्यार्थियों से शिक्षा, भविष्य और अन्य विषयों को लेकर बातचीत करेंगे।
विकास योजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास भी
मुख्यमंत्री के 14 अगस्त के दौरे के दौरान विभिन्न विकासात्मक योजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास भी किए जाएंगे। जिला प्रशासन की ओर से मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। मुख्यमंत्री का 14 अगस्त को रात्रि ठहराव लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह घुमारवीं में रहेगा। जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों को कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
