हिमाचल प्रदेश के 100 सरकारी स्कूलों को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) से संबद्धता के लिए लैंड रिकाॅर्ड समेत अन्य दस्तावेज देने होंगे। इसके अलावा स्कूलों को बिल्डिंग और फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट के अलावा सेफ ड्रिंकिंग वाटर और सेनिटेशन का सर्टिफिकेट भी अपलोड करना होगा। स्कूलों को यह सभी दस्तावेज सीबीएसई के सारस 6.0 पोर्टल पर संबद्धता के लिए आवेदन करने के दौरान अपलोड करने होंगे। हिमाचल प्रदेश सरकार ने हाल ही में हुई कैबिनेट में सूबे के 100 स्कूलों में सीबीएसई की पढ़ाई शुरू करने का फैसला लिया है। 100 स्कूलों की सूची भी जारी कर दी गई। अब इन स्कूलों को सीबीएसई से संबद्धता के लिए आवेदन करना होगा। इसके लिए इन स्कूलों के मुखियाओं को सीबीएसई के सारस 6.0 पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा।

आवेदन करने के दौरान स्कूलों को लैंड रिकार्ड का सर्टिफिकेट, बिल्डिंग सेफ्टी सर्टिफिकेट, सेफ ड्रिंकिंग वाटर एंड सेनिटेशन के सर्टिफिकेट के अलावा फायर सेफ्टी का सर्टिफिकेट भी अपलोड करना होगा। इन दस्तावेजों के पूर्ण होने के बाद ही संबंधित स्कूल सीबीएसई की संबद्धता के लिए आवेदन कर सकेंगे। आवेदन करने के दौरान स्कूलों में बने ब्लाॅकों की संख्या और उनकी स्थिति के साथ उन्हें संबंधित जमीन का खाता और खतौनी नंबर भी दर्ज करना होगा। शिक्षा सचिव राकेश कंवर की ओर से नोटिफिकेशन जारी कर संबंधित स्कूलों के मुखियाओं से इस संदर्भ में जल्द से जल्द आवश्यक दस्तावेजों को पूर्ण करने को कहा गया है, ताकि सीबीएसई की संबद्धता के लिए आवेदन प्रक्रिया को अमल में लाया जा सके।