अर्की बाजार में भीषण अग्निकांड, तीन शवों को निकाला; छह लोगों के फंसे होने की आशंका

सोलन जिले में भीषण आग लग गई। अर्की बाजार में देर रात लगी आग ने नेपाली मूल के एक परिवार को अपनी चपेट में ले लिया। इस दुखद घटना मेंसुबह सात साल के एक बच्चे का शव बरामद किया गया। इसके बाद बचाव अभियान के दाैरान दाैरान बुरी तरह जल चुके दो और शव मिले, जिनकी पहचान करना मुश्किल है। जबकि छह अन्य लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। आग लगने का कारण नेपाली मूल के परिवार द्वारा जलती अंगीठी को घर के अंदर ले जाना बताया जा रहा है, जिसके बाद संभवतः छह से सात सिलिंडर फटने से आग ने भीषण रूप ले लिया।

*प्रशासनिक अमला और दमकल विभाग सक्रिय*

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। स्थानीय लोग इस भयावह मंजर को देखकर सहम गए। दमकल विभाग की टीमों ने घंटों कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। रात करीब 2 से 3 बजे के बीच लगी आग ने इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है। फंसे हुए लोगों को निकालने और राहत कार्य के लिए बचाव अभियान जारी है। माैके पर जेसीबी से मलबे को हटाया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने का प्रमुख कारण परिवार द्वारा रात के समय जलती हुई अंगीठी को घर के अंदर ले जाना माना जा रहा है।

*सिलिंडर फटने से भड़की आग*

अंदर ले जाई गई अंगीठी से निकली चिंगारी ने संभवतः घर में रखे गैस सिलिंडरों को अपनी चपेट में ले लिया, जिसके कारण छह से सात सिलिंडरों में विस्फोट हुआ। विस्फोट ने आग की भयावहता को कई गुना बढ़ा दिया। *जेसीबी से हटाया जा रहा मलबा* अर्की में हुए भीषण अग्निकांड में दो जेसीबी शवों को ढूंढने के कार्य में लगी हुई है। प्रशासन, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ की टीम मौके पर मौजूद हैं। अभी तक एक मजदूर के बच्चे का शव मिला है। आठ नेपाली मजदूरों के दबे होने की आशंका है।

*मुख्यमंत्री ने आग लगने की घटना पर जताया शोक*

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने रविवार देर रात घटित सोलन जिले के अर्की बाजार में भीषण अग्निकांड पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने सूचना मिलते ही जिला प्रशासन को युद्ध स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आग को बुझाने के लिए अर्की अग्निशमन विभाग के साथ जिला शिमला के बालूगंज, जिला सोलन के बनलगी और अंबुजा सीमेंट कंपनी के अग्निशमन वाहनों को तुरंत घटना स्थल की ओर रवाना किया गया। उन्होंने कहा कि अग्निशमन विभाग की ओर से अग्नि पर काबू पा लिया गया है। उन्होंने कहा कि स्थानीय विधायक संजय अवस्थी मौके पर जाकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस घटना में घायल दो लोगों का उपचार नागरिक अस्पताल अर्की में किया जा रहा है। स्थानीय प्रशासन को इन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने मृतक के परिजनों को तुरंत सहायता उपलब्ध करने के निर्देश दिए हैं और जिला प्रशासन को इस घटना की गहन जांच करने के आदेश दिए। सुक्खू ने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है।

*भाजपा ने जताया शोक*

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल तथा सांसद सुरेश कश्यप ने अर्की बाजार में हुए भीषण अग्निकांड पर गहरा दुख व्यक्त किया है। डॉ. राजीव बिंदल और सुरेश कश्यप ने कहा कि इस भयावह घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवार को इस असहनीय पीड़ा को सहने की शक्ति दें। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि लापता लोगों की तलाश युद्धस्तर पर जारी रखी जाए और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता तुरंत उपलब्ध कराई जाए।