मनाली। लेह से वापस आए करीब 200 ट्रक चालकों ने राहत की सांस ली है। ये ट्रक पिछले 15 दिनों से अलग-अलग जगह फंसे हुए थे लेकिन मंगलवार को इन ट्रकों को मनाली पुलिस की मदद से गंतव्य की ओर रवाना किया गया है।

खाद्यान और अन्य सामान को लेकर लेह से लौट रहे खाली ट्रक पहले लाहौल के सिस्सू में फंस गए थे। 25 अगस्त को भारी बारिश व ब्यास में आई बाढ़ से मनाली-लेह मार्ग चार से पांच जगह बह गया था। इसमें मनाली से पलचान के बीच वशिष्ट, समाहण, अटल टनल के साउथ पोर्टल के धुंधी और नॉर्थ पोर्टल और सिस्सू के बीच पागलनाला में बाढ़ आने से मनाली-लेह मार्ग बंद हो गया था। जिस कारण ये ट्रक भी सिस्सू के आसपास फंस गए थे। बाद में बीआरओ ने पालगनाला में हाईवे को अस्थायी रूप से बहाल किया और इन ट्रकों को वाया कोकसर व रोहतांग दर्रा होकर निकाला गया। मगर मनाली की तरफ पलचान पहुंचने पर ट्रक फिर से फंस गए थे। यहां पर बीआरओ का मार्ग दो जगह पर बंद था, जिसे सीमा सड़क संगठन ने सोमवार शाम को खोल दिया। ऐसे में मंगलवार को मनाली पुलिस ने मार्ग से वाहनों की आवाजाही शुरू की। सुबह के समय छोटे वाहनों को जाने दिया गया जिसमें लाहौल से सब्जी से भरी कई जीप आदि शामिल थीं। शाम चार बजे के बाद पुलिस ने पलचान में फंसे ट्रकों को निकालने का काम शुरू किया गया। डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने कहा कि यातायात शुरू हो गया है। यहां फंसे ट्रको को निकालने का काम शुरू हो गया है। पलचान में लगभग 200 ट्रक फंसे हुए थे, जिनको गंतव्य की ओर रवाना किया है।