
रंगस (हमीरपुर)। आयुष विभाग के हर्बल गार्डन नेरी में दिनदहाड़े चोरों ने चंदन के 10 पेड़ काट दिए। हैरानी की बात यह है कि अधिकतर पेड़ संपर्क मार्ग के किनारे ही कटे हैं। फिर भी किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी। सड़क से गांव की एक महिला और उसका पति मदन लाल जो कि हर्बल गार्डन का कर्मचारी भी है, अपने घर जा रहे थे। उन्होंने कुछ प्रवासियों को कपड़े में बांध कर चंदन की छिली हुई लकड़ी ले जाते हुए देखा और तुरंत अपने इंचार्ज को सूचित किया। शोर मचाने पर प्रवासी सामान छोड़कर भाग गए। इस सामान में चंदन की मालाएं, छोटी दो आरियां थीं। हर्बल गार्डन प्रभारी ने 112 पर चंदन चोरी की शिकायत की, तब तक स्थानीय लोग व हमीरपुर पुलिस भी हर्बल गार्डन नेरी पहुंच गई। गार्डन इंचार्ज डॉ. कमल कुमार भारद्वाज ने बताया कि पुलिस थाना हमीरपुर में चंदन की चोरी की शिकायत की है। वहीं इसकी सूचना आयुष विभाग के उच्च अधिकारियों को भी दी है।
अभी फिलहाल पुलिस टीम ने संबंधित जंगल में चोरों को पकड़ने के लिए सर्च अभियान शुरू कर दिया है। वहीं दूसरी ओर स्थानीय लोगों समेत हर्बल गार्डन नेरी के कर्मचारी भी चोरों की तलाशी में सहयोग कर रहे हैं। मौके पर चोरों द्वारा काटे गए चंदन के कुछ छोटे मोछे भी बरामद हुए हैं। वहीं दूसरी और चंदन की मालाएं और एक अरकास सिंह पुत्र दरकास नामक व्यक्ति का आधार कार्ड भी मौके से बरामद हुआ है। एसपी भगत सिंह ठाकुर ने बताया कि मामले में जांच जारी है।
