
हिमाचल प्रदेश के सिरमाैर जिले के पांवटा साहिब के यमुनाघाट में बड़ा हादसा हुआ है। घाट पर स्नान करते दो सगे भाइयों सहित तीन युवक यमुना में डूब गए। तीन शिलाई क्षेत्र के ग्वाली गांव के बताए जा रहे हैं। सूचना मिलने पर एसडीएम गुंजीत सिंह चीमा, डीएसपी मानवेंद्र ठाकुर, तहसीलदार ऋषभ शर्मा व थाना प्रभारी देवी सिंह नेगी समेत स्थानीय गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची। गोताखोरों की ओर से सर्च अभियान चलाया जा रहा है। ग्वाली गांव से कुल देवता की पालकी लेकर ग्रामीण हरिद्वार गंगा स्नान के लिए गए थे।
मंगलवार को लौटते वक्त देवता की पालकी के साथ घाट पर स्नान करने पहुंचे थे। इस बीच स्नान करते हुए एक युवक डूबने लगा तो उसे बचाने के लिए दो सगे भाई भी नदी में उतर गए, लेकिन तीनों ही अधिक जलस्तर होने के कारण डूब गए। नदी में डूबे युवकों की पहचान अमित(23) पुत्र जोगी राम, कमलेश( 22 ) पुत्र प्रेम सिंह व रजनीश(20) पुत्र प्रेम सिंह निवासी ग्वाली, शिलाई के रूप में हुई है। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि गुरुद्वारा पांवटा साहिब के पास यमुना घाट में डूबते हुए युवकों को दूर तक देखा गया।
