
हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल, सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी। नेताओं ने शिमला के रिज मैदान पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उनके अद्वितीय योगदान और महान व्यक्तित्व को याद करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए। सीएम सुक्खू ने कहा कि दोनों महापुरुष हमें सत्य, अहिंसा, सरलता और देशभक्ति की अमूल्य सीख देते हैं। महात्मा गांधी ने अपने अहिंसात्मक आंदोलन से भारत को स्वतंत्रता की राह दिखाई और लाल बहादुर शास्त्री ने ‘जय जवान, जय किसान’ के नारे से देश के जवानों और किसानों को नई ऊर्जा दी। हम बापू और शास्त्री जी के आदर्शों को अपने जीवन में उतारकर उनके सपनों का देश और प्रदेश बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने कहा कि महात्मा गांधी ने अंग्रेजों को इस देश से भगाया था… उन्होंने अपना पूरा जीवन समाज और देश के लिए समर्पित कर दिया था… जब तक यह देश रहेगा, हम महात्मा गांधी का सम्मान करते रहेंगे।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर गुरुवार को प्रभात फेरी निकालकर उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया गया। प्रभात फेरी में जिला के प्रशासनिक अधिकारियों सहित सर्वोदय बाल आश्रम रॉकवुड के बच्चे, आईटीआई और नेहरू युवा केंद्र के स्वयं सेवियों, विभिन्न स्कूलों के अध्यापक, भाषा एवं संस्कृति विभाग के कलाकारों, विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों व स्थानीय लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। प्रभात फेरी लाल बहादुर शास्त्री चौक केंद्रीय तारघर से लोअर बाजार तथा शेर-ए-पंजाब रेस्टोरेंट होती हुई निकाली गई, जिसका विसर्जन रिज मैदान पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास हुआ। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त दिव्यांशु सिंगल ने कहा कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी गांधी जयंती पर प्रभात फेरी का आयोजन किया गया है जिसमें समाज के सभी वर्गों के लोगों ने हिस्सा लिया है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी जी के विचारों का अनुसरण करते हुए एक अच्छे, सशक्त, सुदृढ़ और शांतिपूर्ण समाज का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आज के समय में नशा सबसे बड़ी चुनौती है और इसके विरुद्ध समाज में जितने भी हितधारक हैं उनकी बहुत महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि सबके सहयोग से हम इस समस्या से उभर सकते हैं और इस पर जीत हासिल कर सकते हैं।
