
हिमाचल प्रदेश के सिरमाैर जिले के दाना घाटों वार्ड में इस बार जिला परिषद चुनाव बेहद दिलचस्प और चर्चित मुकाबले का साक्षी बनने जा रहा है। यहां राजनीति ने पारिवारिक रिश्तों को भी चुनावी रण में ला खड़ा किया है। भाजपा और कांग्रेस ने रिश्ते में दादी और पोती को मैदान में उतारकर मुकाबले को रोमांचक बना दिया है। भाजपा ने युवा और शिक्षित चेहरा अंकिता ठाकुर पर दांव खेला है जबकि कांग्रेस ने उनकी रिश्ते में दादी राधा चौहान को चुनावी मैदान में उतारा है। दोनों प्रत्याशियों का संबंध हरिपुरधार क्षेत्र के टिकरी डसाकना गांव से है। शुक्रवार को दोनों ने संगड़ाह स्थित एसडीएम कार्यालय में अपना-अपना नामांकन दाखिल किया।
भाजपा के दिग्गज नेता दिवंगत सहिराम ठाकुर व प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य बलबीर ठाकुर की पुत्री बीटेक और एमबीए शिक्षित अंकिता ठाकुर पहली बार भाजपा से चुनावी मैदान में उतरी हैं। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी राधा चौहान अपने अनुभव और सामाजिक पकड़ के सहारे चुनावी दंगल में ताल ठोक रही है। एक ही परिवार से दादी और पोती के आमने-सामने आने से पूरे क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गर्मा गया है।
चाय की दुकानों से लेकर गांव की चौपालों तक यही चर्चा है कि दादी और पोती के बीच हो रही इस सियासी जंग में दादी और पोती में कौन किसको शिकस्त देगी। स्थानीय लोगों का मानना है कि एक ओर अनुभवी दादी हैं तो दूसरी ओर पढ़ी-लिखी और ऊर्जावान पोती ऐसे में दाना घाटो वार्ड में कांटे की टक्कर तय मानी जा रही है। नामांकन के बाद दोनों प्रत्याशी अपने-अपने समर्थकों के साथ जनसंपर्क अभियान में जुट गई हैं। अब देखना है कि जनता अनुभव पर भरोसा जताती है या युवा नेतृत्व को मौका देती है।
