बिलासपुर/शिमला: हिमाचल प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी का दौर लगातार तेज होता जा रहा है। लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह के हालिया बयान पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने तीखा पलटवार करते हुए कहा कि लोकतंत्र में नेतृत्व किसी परिवार या वंश से नहीं, बल्कि जनता के जनादेश से तय होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह के बयान राजशाही मानसिकता को दर्शाते हैं।

डॉ. बिंदल ने कहा कि लोकतंत्र में हर नागरिक को नेतृत्व करने का समान अधिकार है और जनता का फैसला ही सर्वोपरि होता है। उन्होंने कहा कि उनका परिवार वर्षों से समाज सेवा से जुड़ा रहा है और उन्हें किसी से प्रमाणपत्र लेने की जरूरत नहीं है।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि विक्रमादित्य सिंह लगातार व्यक्तिगत टिप्पणियां कर राजनीतिक संवाद का स्तर गिरा रहे हैं। उन्होंने याद दिलाया कि पहले भी मंत्री की ओर से की गई टिप्पणियों को लेकर उन्होंने हाईकोर्ट में मानहानि का मामला दायर किया था।

राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए बिंदल ने कहा कि प्रदेश में सड़कों की बदहाल स्थिति, बढ़ती बेरोजगारी और विकास कार्यों की धीमी रफ्तार जैसे मुद्दों पर सरकार जवाब देने से बच रही है। उनका आरोप है कि सरकार जनहित के मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए राजनीतिक बयानबाजी कर रही है।

उन्होंने हालिया पंचायती राज और नगर निकाय चुनावों का हवाला देते हुए दावा किया कि जनता ने कांग्रेस को स्पष्ट संदेश दिया है। बिंदल ने सरकार से आरोप-प्रत्यारोप छोड़कर विकास, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं पर ध्यान देने की अपील की।