खबर

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के ददाहू क्षेत्र स्थित गणेश मंदिर में बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात चोर मंदिर से करीब 18 किलो वजनी चांदी की पालकी, भगवान गणेश के सोने के कुंडल और लगभग 40 हजार रुपये की नकदी चोरी कर फरार हो गए। मंदिर समिति के अनुसार चोरी हुई चांदी की पालकी की कीमत करीब 45 लाख रुपये आंकी गई है।

बताया जा रहा है कि चोर पूरी तैयारी के साथ मंदिर पहुंचे थे। उन्होंने सबसे पहले मंदिर परिसर में लगे CCTV कैमरों के तार काट दिए और रिकॉर्डिंग वाला DVR भी अपने साथ ले गए, ताकि कोई सबूत न बच सके। इसके बाद मंदिर का मुख्य दरवाजा और अलमारी के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया।

हैरानी की बात यह है कि मंदिर गांव के बीचोंबीच स्थित है, लेकिन देर रात हुई इस बड़ी वारदात की भनक किसी स्थानीय व्यक्ति को नहीं लगी। सुबह मंदिर खुलने पर चोरी का पता चला, जिसके बाद मंदिर समिति ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक टीम और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के क्षेत्रों के साथ-साथ अन्य सुराग भी खंगाल रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया जाएगा।