हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में भरमौर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा बनीखेत के समीप लाहड़ क्षेत्र में हुआ, जहां पीजीआई चंडीगढ़ से अपनी तीन माह की बच्ची का उपचार कराकर लौट रहा परिवार की ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचे। रात का समय, लगातार बारिश और दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण राहत अभियान काफी चुनौतीपूर्ण रहा। घंटों की मशक्कत के बाद सभी शवों को खाई से बाहर निकाला गया।

एसडीएम डलहौजी अनिल भारद्वाज ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक सभी एक ही परिवार के सदस्य थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटना के समय क्षेत्र में घना कोहरा और लगातार बारिश हो रही थी। आशंका जताई जा रही है कि खराब दृश्यता और फिसलन के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही होगा।
हादसे में जान गंवाने वाले
- बचन सिंह – निवासी गेहरा, पेशे से चालक।
- रिपन कुमार – हिमाचल प्रदेश पुलिस की द्वितीय भारतीय रिजर्व बटालियन (सेकेंड आईआरबीएन), सकोह में तैनात।
- रिम्पी – रिपन कुमार की पत्नी।
- कीर्ति – केसर सिंह की पुत्री।
- तीन माह का मासूम शिशु – परिवार का सबसे छोटा सदस्य।
मुख्यमंत्री ने जताया गहरा शोक
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे बेहद पीड़ादायक बताया। उन्होंने दिवंगतों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कठिन समय में प्रदेश सरकार और उनकी संवेदनाएं पीड़ित परिवार के साथ हैं।
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने मानसून के दौरान पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करने वाले लोगों से अत्यधिक सावधानी बरतने और खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
