शिमला में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच पुलिस ने शोघी के पास एक बस से करीब 12 ग्राम चिट्टा बरामद कर 25 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 2 अक्तूबर को शिमला पुलिस की विशेष सेल की टीम शोघी पुलिस चौकी के नजदीक एनएच-05 पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सोलन की ओर से आ रही एक बस को जांच के लिए रोका गया।

तलाशी के दौरान बस में सवार एक युवक पुलिस को देखकर संदिग्ध हरकत करने लगा। पुलिस के अनुसार, युवक ने अपनी जींस की जेब से कोई वस्तु निकाली और उसे अपने पैरों के नीचे छिपाने का प्रयास किया।

युवक की इस हरकत पर पुलिस टीम को संदेह हुआ। इसके बाद उसकी सीट की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान सीट के पास से सिगरेट की एक डिब्बी बरामद हुई।

पुलिस के मुताबिक, सिगरेट की डिब्बी के अंदर पारदर्शी पॉलिथीन पाउच में हल्के भूरे रंग का पदार्थ रखा हुआ था। जांच करने पर यह पदार्थ चिट्टा पाया गया। बरामद मादक पदार्थ का वजन करीब 12 ग्राम बताया गया है।

पुलिस ने आरोपी की पहचान मयंक नेगटा (25) निवासी तहसील चौपाल, जिला शिमला के रूप में की है। पुलिस ने मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर युवक को गिरफ्तार कर लिया।

मामले में पुलिस थाना बालूगंज (वेस्ट) में अभियोग संख्या 208/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा। फिलहाल मामले की आगामी जांच जारी है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद चिट्टा कहां से आया था और इसके पीछे कोई अन्य व्यक्ति या सप्लाई नेटवर्क जुड़ा है या नहीं।