
चंबा में अग्निकांड, मकान जलकर राख; परिवार के सामने रहने का संकट
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में शनिवार सुबह हुए अग्निकांड ने एक परिवार का आशियाना छीन लिया। ग्राम पंचायत करयूनी कोठी के सेरी गांव में देवी सिंह पुत्र फत्तु राम का मकान आग की चपेट में आने से पूरी तरह जलकर राख हो गया। इस घटना में करीब 20 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय ग्रामीणों ने भी राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया। पुलिस, अग्निशमन कर्मियों और ग्रामीणों ने मिलकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था।
प्रशासन ने शुरू किए राहत के प्रयास
आवासीय आयुक्त अमनदीप सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद संबंधित विभागीय टीम को मौके पर भेज दिया गया है। प्रभावित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
वहीं, विधायक डॉ. जनक राज ने प्रशासन को प्रभावित परिवार की मदद के लिए हरसंभव कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। घटना के बाद परिवार के सामने रहने के लिए छत का संकट खड़ा हो गया है। प्रशासन की ओर से नुकसान का आकलन कर पीड़ित परिवार को राहत देने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी।
अब परिवार के सामने सबसे बड़ी चुनौती सिर छिपाने के लिए छत का इंतजाम करना है। लाखों रुपये के नुकसान के बाद प्रभावित परिवार को प्रशासन से मदद की उम्मीद है।
