शिमला/सोलन। हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट लेनी शुरू कर दी है। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान अर्नब के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 29 अक्तूबर को छह जिलों और 30 अक्तूबर को पांच जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई है। मौसम में इस बदलाव के चलते दिन के तापमान में गिरावट आने और ठंड बढ़ने के आसार हैं।

छह जिलों में बिजली गिरने की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार, वीरवार को कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका है। वहीं, शुक्रवार को कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों में ऐसी मौसमी गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।

इसके अलावा 29 और 30 अक्तूबर को शिमला, सोलन, सिरमौर, कुल्लू और किन्नौर के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने के आसार हैं। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी भी हो सकती है। 31 अक्तूबर और एक नवंबर के लिए मौसम विभाग ने किसी भी जिले में अलग से चेतावनी जारी नहीं की है।

चक्रवात अर्नब का हिमाचल में दिख सकता है असर

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक शोभित कटियार के अनुसार, चक्रवात अर्नब का प्रभाव हिमाचल प्रदेश के मौसम पर पड़ सकता है। तूफान के तट से टकराने के समय इसकी रफ्तार 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटा थी। इसके बाद उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए यह कमजोर पड़ गया।

इसके अवशेष छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश से होकर आगे बढ़ सकते हैं। इसी मौसमी प्रणाली के कारण 29 और 30 अक्तूबर को हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम बदलने की संभावना है। 31 अक्तूबर को भी कुछ क्षेत्रों में इसका असर रह सकता है।

सोलन में सुबह गरज-चमक के साथ हुई बारिश, 3 से 4 डिग्री गिरा तापमान

सोलन जिले में वीरवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली। सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और करीब सात बजे गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। लगभग आधे घंटे तक हुई हल्की बारिश के बाद मौसम ठंडा हो गया।

बारिश के चलते तापमान में करीब 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को बढ़ती ठंड का अहसास हुआ। बारिश थमने के बाद भी आसमान में बादल छाए रहे। मौसम विभाग के अनुसार, जिले में आगे भी बारिश की संभावना बनी हुई है।

बारिश और बर्फबारी से बढ़ेगी ठंड

प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में संभावित बारिश से दिन के तापमान में गिरावट आने का अनुमान है। वहीं, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने पर ठंड और बढ़ सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, एक नवंबर से प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना है।

मानसून की विदाई के बाद भी सामान्य से 15 प्रतिशत अधिक बारिश

हिमाचल प्रदेश से एक अक्तूबर को मानसून की विदाई के बाद भी बारिश का सिलसिला जारी है। इस अवधि में प्रदेश में सामान्य से करीब 15 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है।

आंकड़ों के अनुसार, इस अवधि में सामान्य बारिश लगभग 24.6 मिलीमीटर रहती है, जबकि इस बार अब तक करीब 28 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।

कुकुमसेरी में माइनस 2.7 डिग्री पहुंचा न्यूनतम तापमान

प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में रात के तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है। मंगलवार रात कुकुमसेरी में सबसे कम न्यूनतम तापमान माइनस 2.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

वहीं, केलांग में न्यूनतम तापमान माइनस 0.2 डिग्री, ताबो में 0.2 डिग्री, मनाली में 5.9 डिग्री, शिमला में 12 डिग्री और धर्मशाला में 14.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग की सलाह: गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका के दौरान खुले मैदानों, ऊंचे स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें। मौसम की ताजा जानकारी और स्थानीय प्रशासन की एडवाइजरी पर नजर रखें। पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोग बारिश, ठंड और संभावित बर्फबारी को ध्यान में रखकर ही अपनी यात्रा की योजना बनाएं।