
शिमला में बुधवार को सड़क हादसों के चलते यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। शिमला बाईपास रोड पर कनलोग के पास एक ट्राला ट्रक सड़क के बीचोंबीच पलट गया। हादसे के कारण मार्ग के दोनों ओर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई। करीब एक घंटे तक यातायात ठप रहने से वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद ट्राले को सड़क से हटाया। इसके बाद मार्ग पर यातायात बहाल किया गया। पुलिस ने वाहन चालकों से इस मार्ग का इस्तेमाल करने से बचने और गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करने की अपील भी की।
वहीं, शिमला के बालूगंज में दो बसों के बीच भी टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि पास देते समय निजी और सरकारी बस आपस में टकरा गईं। हालांकि, इस हादसे में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई। बसों की टक्कर के कारण यहां भी काफी देर तक जाम लगा रहा और यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी।
