
एचआरटीसी बस में बिना टिकट सफर करना पड़ेगा महंगा, यात्री को लगेगा 500 रुपये जुर्माना
हिमाचल प्रदेश में एचआरटीसी बसों में सफर करने वाले यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) ने बसों में टिकट व्यवस्था को सख्त बनाने के लिए संशोधित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) लागू की है। अब बस में बिना वैध टिकट यात्रा करते पकड़े जाने पर यात्री को 500 रुपये जुर्माना देना होगा।
नई व्यवस्था के तहत यदि कोई यात्री किराया देने के बाद टिकट लेना भूल जाता है या टिकट गुम हो जाता है, तो चेकिंग के दौरान उसे बिना टिकट यात्रा का मामला माना जा सकता है। ऐसे में यात्रियों को किराया देने के साथ टिकट लेना और उसे सफर के दौरान संभालकर रखना जरूरी होगा।
कंडक्टर ने किराया लिया, लेकिन टिकट नहीं दिया तो मिलेगा इनाम
एचआरटीसी ने टिकट वितरण में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए यात्रियों को भी जिम्मेदारी दी है। यदि परिचालक यानी कंडक्टर यात्री से किराया लेने के बावजूद टिकट जारी नहीं करता और यात्री की शिकायत जांच में सही पाई जाती है, तो शिकायतकर्ता को टिकट की कीमत का पांच गुना इनाम दिया जाएगा।
निगम ने यात्रियों से अपील की है कि किराया देने के बाद टिकट जरूर लें। यदि कंडक्टर टिकट नहीं देता है, तो इसकी शिकायत करें।
टिकट में गड़बड़ी करने वाले कंडक्टरों पर भी कार्रवाई
संशोधित एसओपी में टिकट जारी नहीं करना, कम राशि का टिकट देना या पुराना टिकट थमाने जैसे मामलों को गंभीरता से लिया गया है। ऐसे मामलों में नियमित और अनुबंध आधार पर कार्यरत परिचालकों के खिलाफ नियमानुसार सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
एचआरटीसी के प्रबंध निदेशक राहुल कुमार ने बताया कि बसों में बिना टिकट यात्रा रोकने और टिकट वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से संशोधित एसओपी लागू की गई है।
बच्चों के टिकट को लेकर भी स्पष्ट नियम
पांच से 12 वर्ष तक के बच्चों के आधे टिकट या मुफ्त यात्रा के मामलों में परिचालक आयु प्रमाण मांग सकता है। यदि उम्र का प्रमाण संतोषजनक नहीं होता, तो पूरा टिकट जारी किया जा सकता है। बच्चों की उम्र को लेकर विवाद होने पर संबंधित दस्तावेजों के आधार पर जांच की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
टिकट नहीं मिला तो यहां करें शिकायत
यदि एचआरटीसी बस में किराया लेने के बाद भी टिकट नहीं दिया जाता है, तो यात्री हेल्पलाइन नंबर 1100 पर शिकायत कर सकते हैं। शिकायत सही पाए जाने पर टिकट की कीमत का पांच गुना इनाम मिलने का प्रावधान है।
इसलिए एचआरटीसी बस में सफर करते समय टिकट जरूर लें और चेकिंग के दौरान उसे दिखाने के लिए सुरक्षित रखें।
