न्यूली/सैंज (कुल्लू)। सैंज घाटी की रैला-एक पंचायत के शरण गांव में फंसी जीप को क्षतिग्रस्त सड़क से स्लीपर डालकर कड़ी चुनौती के बाद निकाला गया। गाड़ी दो हफ्ते से शरण गांव के पास फंसी हुई थी। मंगलवार को गांव वासियों और वाहन के चालक ने क्षतिग्रस्त सड़क पर लकड़ी के स्लीपर डालकर वाहन को निकाला और इसे क्षेत्र के हराबाग तक पहुंचाया। जोखिमपूर्ण तरीके से वाहन को निकालने का एक वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। गौरतलब है कि रैला-एक पंचायत को जोड़ने वाली सड़क जगह-जगह क्षतिग्रस्त हुई है, इस कारण वाहनों की आवाजाही बंद पड़ी है। ऐसे में इस वाहन को शरण गांव से हालांकि हराबाग तक पहुंचा दिया है लेकिन इससे आगे भी अभी मार्ग यातायात के लिए कई जगह बंद पड़ा है।