
राजीव भवन शिमला में राहुल गांधी के वोट चोर गद्दी छोड़ अभियान की शुरुआत के मौके पर पार्टी कार्यकर्ताओं की नारेबाजी ने कांग्रेस की गुटबाजी की पोल खोल दी। प्रदेश प्रभारी के सामने खेमेबाजी के सुराख छिपाने के लिए वरिष्ठ नेताओं को हस्तक्षेप करना पड़ा। कांग्रेस संगठन के एलान से ठीक पहले हुए सम्मेलन में कार्यकर्ता खुलकर आमने-सामने हो गए।
शुक्रवार को राजीव भवन में सम्मेलन के दौरान पार्टी प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल के सामने सीएम सुक्खू और विक्रमादित्य सिंह के समर्थकों ने जमकर शक्ति प्रदर्शन किया। शोर-शराबे के बीच प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह को अपना भाषण बीच में ही रोकना पड़ा। सभागार के मुख्य गेट पर विक्रमादित्य समर्थक नारेबाजी कर रहे थे, जबकि दूसरे कोने में सुक्खू के समर्थकों ने मोर्चा खोल रखा था।
आशा कुमारी के कहने पर प्रदेश सह प्रभारी चेतन चौहान को मोर्चा संभालना पड़ा। चौहान ने समर्थकों को शांत करवाया। पाटिल ने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू और विक्रमादित्य दोनों आपके हीरो हैं, यह सही है लेकिन पार्टी का मूल नारा, कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद ही है। प्रतिभा सिंह ने कहा कि कार्यकर्ताओं को ऐसा जोश फील्ड में दिखाना चाहिए। मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा, हमारा गुट राहुल गांधी और सोनिया गांधी का गुट है, हाथ का गुट है। भाजपा में पांच-पांच गुट हैं। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि रजनी मैडम के सामने सब लोग ताकत दिखा रहे हैं, याद रखो सब लोग पार्टी के लोग हैं, राहुल गांधी के लोग हैं।
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा, कि रानी प्रतिभा सिंह हमारी अध्यक्ष हैं, पद खाली नहीं है। एक टीम सरकार के रूम में अपना काम कर रही है, दूसरी संगठन की टीम भी जल्दी घोषित कर दीजिए। अगस्त में ही एलान हो जाना चाहिए, सितंबर का इंतजार न करें।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि वोट चोरी को लेकर हमें गांव गांव में जाकर लोगों को जागरूक करना है। यह तभी संभव है जब हाईकमान संगठन में जिम्मेदारी सौंपे, तभी हम फील्ड में डट सकेंगे। आने वाले दिनों में जिला और प्रदेश स्तर पर बड़ी रैलियां होंगी।
इससे पहले राज्य अतिथि गृह पीटरहॉफ शिमला में कांग्रेस विधायक दल की बैठक हुई। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में हुई बैठक में कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल भी शामिल हुईं। इसमें अभियान को ब्लॉक स्तर तक ले जाने की रणनीति पर भी चर्चा की गई। कांग्रेस के कई नेताओं ने संगठन की कार्यकारिणी की जल्द घोषणा करने की मांग उठाई। रजनी पाटिल ने आश्वस्त किया कि इस संबंध में जल्दी फैसला लिया जाएगा।
