उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने आज यहां हिमाचल प्रदेश जनरल इंडस्ट्रीज कॉरपोरेशन लिमिटेड (HPGIC) के निदेशक मंडल की 236वीं बैठक की अध्यक्षता की। बैठक के दौरान बोर्ड ने कॉरपोरेशन की सीएसआर समिति के निर्णयों को मंजूरी देते हुए हिमाचल प्रदेश पुलिस महानिदेशक कार्यालय को ₹1,38,15,640 की राशि आवंटित करने की स्वीकृति प्रदान की। इस राशि का उपयोग राज्य के एंटी-चिट्टा अभियान को सशक्त बनाने के लिए 12 वाहनों (चार स्कॉर्पियो और आठ बोलेरो) की खरीद हेतु किया जाएगा।इसके अतिरिक्त, सीएसआर के तहत जिला सिरमौर के शिलाई क्षेत्र के सुनियाड़ी स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय के लिए नए भवन के निर्माण हेतु ₹17,65,900 की राशि स्वीकृत की गई। बोर्ड ने वित्त वर्ष 2024-25 के लिए कॉरपोरेशन की प्रारूप बैलेंस शीट को भी मंजूरी प्रदान की।उद्योग मंत्री ने HPGIC के कर्मचारियों के समर्पण और प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सीमित मानव संसाधन और निजी क्षेत्र की कड़ी प्रतिस्पर्धा के बावजूद कॉरपोरेशन ने ₹13.37 करोड़ का सराहनीय लाभ अर्जित किया है।उन्होंने निर्देश दिए कि कॉरपोरेशन अपने मुनाफे का उपयोग मौजूदा विनिर्माण संयंत्रों के उन्नयन और आधुनिकीकरण में करे। इसी दिशा में बोर्ड ने नए प्लांट और मशीनरी की खरीद के लिए टेंडर को मंजूरी दी, जिससे HPGIC की फर्नीचर फैक्ट्रियों का आधुनिकीकरण हो सके और राज्य में सार्वजनिक एवं निजी क्षेत्र से आधुनिक और मॉड्यूलर फर्नीचर की बढ़ती मांग को पूरा किया जा सके।बैठक में HPGIC के प्रबंध निदेशक अरिंदम चौधरी, विशेष सचिव (वित्त) विजय वर्धन, वरिष्ठ महाप्रबंधक एस.पी. भाटिया सहित कॉरपोरेशन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।