
शिमला: इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (IGMC) शिमला में प्रोस्टेट कैंसर की जांच के लिए होने वाले PSMA PET Scan का शुल्क पहली बार तय कर दिया गया है। अब इस जांच के लिए मरीजों को 13,000 रुपये देने होंगे, जबकि अन्य स्पेसिफिक PET Scan के लिए 6,000 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।
यह फैसला मंगलवार को हुई रोगी कल्याण समिति (RKS) की बैठक में लिया गया। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, पहले इस जांच का कोई निर्धारित शुल्क नहीं था। अब शुल्क तय होने से मरीजों को सुविधा भी मिलेगी और जांच की प्रक्रिया भी व्यवस्थित होगी।बैठक में बताया गया कि PGI चंडीगढ़ में यही जांच 15 से 18 हजार रुपये तक में होती है। ऐसे में IGMC में 13 हजार रुपये की फीस तय कर मरीजों को अपेक्षाकृत सस्ती सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
इसके अलावा बैठक में IGMC की सराय की मरम्मत पर भी चर्चा हुई। तय किया गया कि पहले लोक निर्माण विभाग (PWD) से मरम्मत का प्राक्कलन तैयार कराया जाएगा, जिसके बाद कार्य शुरू किया जाएगा। अन्य लंबित मुद्दों, जिनमें सिविल सप्लाई की दुकानों के टेंडर भी शामिल हैं, पर चर्चा के लिए अगले तीन से चार दिनों में फिर बैठक बुलाई जाएगी।
