
ऊना में बुधवार सुबह नशे के खिलाफ आयोजित एंटी चिट्टा वॉकाथॉन को लेकर लोगों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। जिले के अलग-अलग शिक्षण संस्थानों से हजारों विद्यार्थी इंदिरा गांधी स्टेडियम परिसर में पहुंच रहे हैं। बच्चों की बड़ी संख्या के चलते स्टेडियम में सुबह से ही चहल-पहल बनी हुई है।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू सुबह करीब 10 बजे कार्यक्रम में पहुंचकर एंटी चिट्टा वॉकाथॉन की अगुवाई करेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और आम लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक करना और नशे से दूर रहने का संदेश देना है।
स्टेडियम परिसर में विद्यार्थियों के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी रहा। अलग-अलग स्कूलों और शिक्षण संस्थानों से आए बच्चे निर्धारित स्थानों पर एकत्रित होते नजर आए। बड़ी संख्या में युवाओं की मौजूदगी से पूरे परिसर में नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिखाई दिया।
पुलिस ने संभाली व्यवस्था की कमान
हजारों बच्चों के कार्यक्रम में पहुंचने को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा और प्रवेश व्यवस्था संभाल रखी है। एएसपी सुरेंद्र शर्मा पुलिस जवानों के साथ मुख्य द्वार पर मौजूद रहे और उनकी निगरानी में विद्यार्थियों को व्यवस्थित तरीके से स्टेडियम में प्रवेश करवाया गया।
मुख्य द्वार से लेकर स्टेडियम परिसर के भीतर तक पुलिस जवान तैनात रहे, ताकि बड़ी संख्या में पहुंच रहे विद्यार्थियों के बीच व्यवस्था बनी रहे।
मुख्यमंत्री के पहुंचने के बाद वॉकाथॉन की शुरुआत होगी। इस आयोजन के जरिए नशे के खिलाफ एकजुटता और युवाओं को चिट्टे जैसे नशे से दूर रहने का संदेश देने का प्रयास किया जा रहा है।
