
घणाहट्टी स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की शाखा में एक भावुक और राहत भरा मामला सामने आया, जहां पति की मृत्यु के बाद खाता बंद कराने पहुंची महिला को बैंक की बीमा योजना के तहत ₹2 लाख की राशि प्राप्त हुई।
कोहलू क्षेत्र की राधा अपनी सास के साथ फरवरी माह में बैंक पहुंची थीं। वे अपने पति अवतार सिंह का खाता बंद करवाने आई थीं, जिनका हाल ही में बीमारी के बाद निधन हो गया था। अवतार सिंह परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे और टैक्सी चलाकर घर का खर्च चलाते थे।
बैंक में प्रक्रिया के दौरान शाखा प्रबंधक दिनेश सिंह ठाकुर और स्टाफ ने जब खाते का रिकॉर्ड जांचा तो पाया कि मृतक ने प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत बीमा लिया हुआ था, जिसके लिए वह सालाना ₹436 का प्रीमियम जमा कर रहे थे।
इस योजना के तहत बीमित व्यक्ति की मृत्यु होने पर नामांकित व्यक्ति को ₹2 लाख की बीमा राशि दी जाती है। बैंक ने तुरंत परिजनों को इस बारे में जानकारी दी और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करवाकर क्लेम प्रक्रिया शुरू करवाई।
क्लेम प्रक्रिया पूरी होने के बाद बैंक ने मंगलवार को मृतक की पत्नी राधा के खाते में ₹2 लाख की राशि ट्रांसफर कर दी। इस सहायता से परिवार को आर्थिक संकट के बीच बड़ी राहत मिली है।
राधा ने बताया कि उन्हें इस बीमा योजना की जानकारी पहले नहीं थी और बैंक आने पर ही इसके बारे में पता चला। उन्होंने बैंक स्टाफ का सहयोग के लिए आभार जताया।
बैंक प्रबंधक दिनेश सिंह ठाकुर ने बताया कि बैंक अपने ग्राहकों को कम वार्षिक प्रीमियम पर इस तरह की बीमा योजनाओं का लाभ देता है, ताकि किसी अनहोनी की स्थिति में परिवार को आर्थिक सहारा मिल सके।
