पूरी खबर:

शिमला। हिमाचल प्रदेश आने वाले पर्यटकों और स्थानीय यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। करीब एक महीने से प्रभावित दिल्ली-शिमला-धर्मशाला हवाई सेवा रविवार से दोबारा शुरू हो गई है। एलायंस एयर ने सर्दियों के मौसम को देखते हुए इस रूट का नया विंटर शेड्यूल भी जारी कर दिया है। ऐसे में अब दिल्ली से हिमाचल आने और यहां से वापस जाने वाले यात्रियों को हवाई सफर की सुविधा मिलेगी।

तकनीकी और परिचालन कारणों के चलते पिछले करीब एक महीने से इस रूट पर उड़ानें प्रभावित थीं। अक्तूबर महीने में भी कई दिनों तक शिमला एयरपोर्ट पर उड़ानें रद्द रही थीं। इससे त्योहारी सीजन और विंटर टूरिज्म सीजन के दौरान यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

अब इस समय उड़ान भरेगा विमान

एलायंस एयर के नए विंटर शेड्यूल के अनुसार दिल्ली से शिमला के लिए विमान सुबह 7:40 बजे उड़ान भरेगा और सुबह 8:50 बजे शिमला पहुंचेगा। इसके बाद शिमला से धर्मशाला के लिए सुबह 9:15 बजे विमान रवाना होगा।

दिल्ली-शिमला-धर्मशाला का पूरा फ्लाइट शेड्यूल

  1. दिल्ली से शिमला: सुबह 7:40 बजे से 8:50 बजे तक।
  2. शिमला से धर्मशाला: सुबह 9:15 बजे से 10:05 बजे तक।
  3. धर्मशाला से शिमला: सुबह 10:30 बजे से 11:20 बजे तक।
  4. शिमला से दिल्ली: सुबह 11:45 बजे से दोपहर 12:55 बजे तक।

एयरलाइन: एलायंस एयर। सभी समय स्थानीय समयानुसार हैं।

पहले दिन इतने यात्रियों ने किया सफर

रविवार सुबह नई दिल्ली से एलायंस एयर का विमान शिमला के जुब्बड़हट्टी एयरपोर्ट पहुंचा। यहां से विमान ने धर्मशाला के लिए उड़ान भरी और वापसी में शिमला होते हुए दिल्ली रवाना हुआ। पहले दिन शिमला एयरपोर्ट पर आने वाली दो उड़ानों से कुल 23 यात्री पहुंचे, जबकि जाने वाली दो उड़ानों से 28 यात्रियों ने सफर किया।

शिमला एयरपोर्ट के निदेशक सतीश कुमार के अनुसार हवाई सेवाओं का संचालन दोबारा सुचारू रूप से शुरू हो गया है।

विंटर टूरिज्म सीजन में पर्यटकों को मिलेगी राहत

सर्दियों में शिमला और धर्मशाला जैसे पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद रहती है। ऐसे में दिल्ली से सीधी हवाई सेवा शुरू होने से पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी। अब यात्रियों को नए शेड्यूल के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनानी होगी।