हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज बंदला में एमटेक की दो और बीटेक की 110 सीटें भरी जा चुकी हैं। पहले राउंड की काउंसलिंग के बाद बीटेक के तीन ट्रेड में ये सीटें भरी गई हैं। हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज बंदला में इस सत्र से एमटेक इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग ट्रेड की कक्षाएं शुरू होने जा रही हैं। एमटेक में 12 सीटें भरी जानी हैं। 30 जुलाई से इसके लिए काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इलेक्ट्रिक व्हीकल टेक्नोलॉजी में एमटेक की पढ़ाई होगी। बंदला कॉलेज इलेक्ट्रिक व्हीकल टेक्नोलॉजी में एमटेक कराने वाला प्रदेश का पहला संस्थान बनेगा। पहले राउंड की काउंसलिंग के बाद एमटेक के लिए दो सीटें भरी जा चुकी हैं। बीटेक में सिविल ट्रेड में 24, कंप्यूटर साइंस में 48 और इलेक्ट्रिकल में 38 सीटें भरी जा चुकी हैं। बीटेक के लिए जेईई मेन और एचपीसीईटी के आधार पर सीटें भरी जा रही हैं। तीनों ट्रेड में 60-60 सीटें मौजूद हैं। पिछली बार की तरह ही इस बार भी कंप्यूटर साइंस ट्रेड में बच्चे अधिक रुझान दिखा रहे हैं। कॉलेज में दाखिले के लिए हमीरपुर में काउंसलिंग प्रक्रिया चल रही है। कॉलेज प्रबंधन के अनुसार काउंसलिंग में चयनित होने के बाद विद्यार्थी दाखिले के लिए कॉलेज पहुंच रहे हैं।