
बड़सर (हमीरपुर)। थाना क्षेत्र बड़सर के अंतर्गत गलूं में शनिवार देर शाम एक निजी बस और कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन कार को नुकसान पहुंचा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चालक बलवंत लदरौर से बंगाणा की ओर जा रहा था, जबकि निजी बस ऊना से हमीरपुर की दिशा में आ रही थी। इसी दौरान गलूं के समीप अचानक एक लावारिस पशु कार के सामने आ गया। पशु को बचाने के प्रयास में चालक ने संतुलन खो दिया और कार सामने से आ रही बस से टकरा गई। गनीमत रही कि घटनास्थल पर उस समय कोई राहगीर मौजूद नहीं था, अन्यथा हादसा बड़ा हो सकता था। सूचना मिलते ही बड़सर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। दोनों पक्षों से जानकारी जुटाकर मामला दर्ज कर लिया है।
उधर, डीएसपी लालमन शर्मा ने कहा कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटना में किसी को चोट नहीं लगी है, जांच जारी है।
