
केरल के वायनाड जिले में हुए भीषण भूस्खलन हादसे में लापता हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के रिवालसर निवासी इंजीनियर राहुल शर्मा का शव तीन दिन बाद बरामद हो गया। इस दुखद खबर से परिवार की अंतिम उम्मीद भी टूट गई, जबकि पूरे रिवालसर क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।
राहुल शर्मा वायनाड में बतौर इंजीनियर कार्यरत थे। हादसे के बाद से राष्ट्रीय और राज्य की राहत एवं बचाव टीमें लगातार मलबे में उनकी तलाश कर रही थीं। परिवार के सदस्य भी घटनास्थल पर मौजूद रहकर हर पल उनके सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए हुए थे, लेकिन तलाश अभियान के दौरान उनका शव बरामद होने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
सबसे मार्मिक बात यह है कि राहुल का विवाह इसी वर्ष मार्च महीने में हुआ था। कुछ ही महीने पहले परिवार में खुशियों का माहौल था, लेकिन इस दर्दनाक हादसे ने उन खुशियों को मातम में बदल दिया। राहुल के निधन की खबर मिलते ही रिवालसर और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। रिश्तेदार, मित्र और स्थानीय लोग शोकाकुल परिवार को सांत्वना देने उनके घर पहुंच रहे हैं।
उधर, वायनाड में राहत एवं बचाव अभियान अभी भी जारी है। प्रशासन और बचाव दल मलबे में दबे अन्य लापता लोगों की तलाश में जुटे हुए हैं। लगातार हो रही खोजबीन के बीच मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।
