
बिशप कॉटन स्कूल से अपहरण हुए बच्चों की पुलिस बरामदगी के बाद शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने आईजीएमसी शिमला जाकर बच्चों व उनके अभिभावकों से मुलाकात की और बच्चों का कुशलक्षेम पूछा। वहीं प्रदेश सचिवालय में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कोटखाई की ग्राम पंचायत बाग-डुमैहर के पुजैली गांव से संबंध रखने वाले रौनक शर्मा को सम्मानित किया। गौरतलब है कि बीसीएस स्कूल से तीन मासूम बच्चों के अपहरण मामले में रौनक शर्मा ने अदम्य साहस, विवेक और बुद्धिमत्ता का परिचय देते हुए पुलिस और प्रशासन की मदद कर बच्चों को सुरक्षित ढूंढ निकाला।
उनके साहसिक कार्य से न केवल परिजनों को राहत दी बल्कि प्रदेश में यह संदेश भी दिया कि जागरूक और साहसी नागरिक समाज की सबसे बड़ी ताकत हैं। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि यह घटना हमें याद दिलाती है कि जब कोई नागरिक अपनी जिम्मेदारी को समझकर निस्वार्थ भाव से कार्य करता है तो वह समाज के लिए प्रेरणा का स्तंभ बन जाता है। रौनक शर्मा का यह कदम नागरिक कर्तव्य, मानवीय संवेदनाओं और सामाजिक जागरुकता का एक ऐतिहासिक उदाहरण है। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने रौनक शर्मा को हिमाचली टोपी और शॉल पहनाकर सम्मानित किया। साथ ही 21,000 से राशि भी भेंट की और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
