
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ग्रीष्मकालीन प्रवास के लिए 27 अप्रैल से 1 मई, 2026 तक हिमाचल प्रदेश की यात्रा पर रहेंगी। थोड़ी देर में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शिमला पहुंचने वाली हैं।राष्ट्रपति सोमवार को अपने विशेष हवाई जहाज से दिल्ली से चंडीगढ़ तक आएंगी। चंडीगढ़ से हेलिकॉप्टर से कल्याणी हेलीपैड शिमला में उतरेंगीं। दोपहर 12:15 बजे यहां राज्यपाल कविंद्र गुप्ता और मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू राष्ट्रपति की अगवानी करेंगे। 29 अप्रैल को सुबह 11 बजे राष्ट्रपति सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण अटल टनल रोहतांग का निरीक्षण करेंगी।
अपनी इस यात्रा के दौरान राष्ट्रपति शिमला के मशोबरा में राष्ट्रपति निवास में ठहरेंगी। राष्ट्रपति 28 अप्रैल को हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल की ओर से लोक भवन, शिमला में आयोजित भोज में शामिल होंगी। 29 अप्रैल को राष्ट्रपति अटल टनल का दौरा करेंगी।
30 अप्रैल को राष्ट्रपति पालमपुर स्थित में चौधरी सरवन कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। उसी दिन, वह मशोबरा स्थित राष्ट्रपति निवास में ‘एट होम’ स्वागत समारोह आयोजित करेंगी। 1 मई को दिल्ली रवाना होने से पहले राष्ट्रपति शिमला में सेना प्रशिक्षण कमान का दौरा करेंगी।
