
हिमाचल प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए शिक्षा विभाग से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। प्रदेश सरकार ने CBSE से मान्यता प्राप्त सरकारी स्कूलों में प्राथमिक शिक्षकों की नियुक्ति का रास्ता खोल दिया है। स्कूल शिक्षा निदेशालय की ओर से इस संबंध में नियम अधिसूचित कर दिए गए हैं।
अधिसूचना के अनुसार नियुक्त होने वाले शिक्षकों को हर महीने 25,000 रुपये मानदेय दिया जाएगा। हालांकि, यह राशि एक शैक्षणिक वर्ष में केवल 10 महीनों के लिए देय होगी। इन शिक्षकों को आधिकारिक तौर पर ‘शिक्षक प्राथमिक’ कहा जाएगा।
ये होगी शैक्षणिक योग्यता
प्राथमिक शिक्षक बनने के लिए उम्मीदवार का 12वीं कक्षा में कम से कम 60 प्रतिशत अंकों के साथ पास होना जरूरी है। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड से संबद्ध संस्थान से 60 प्रतिशत अंकों के साथ दो वर्षीय जेबीटी या डीएलएड कोर्स होना चाहिए। वहीं, 60 प्रतिशत अंकों के साथ चार वर्षीय बीएलएड डिग्री रखने वाले अभ्यर्थी भी पात्र होंगे।
टेट पास होना अनिवार्य
उम्मीदवार को हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला या राज्य सरकार की ओर से अधिकृत एजेंसी द्वारा आयोजित शिक्षक पात्रता परीक्षा (टेट) पास करना अनिवार्य होगा।
इसके अलावा सामान्य तौर पर अभ्यर्थी ने अपनी 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं हिमाचल प्रदेश के स्कूल या संस्थान से पास की हों। हालांकि, बोनाफाइड हिमाचलियों को इस शर्त से छूट दी गई है।
शिक्षकों के लिए छुट्टी को लेकर भी नए निर्देश
शिक्षा निदेशालय ने सरकारी स्कूलों में कार्यरत शिक्षकों और गैर-शिक्षक कर्मचारियों के लिए भी नए निर्देश जारी किए हैं। अब ड्यूटी स्थल से 50 किलोमीटर के दायरे में किसी बैठक, प्रशिक्षण या सेमिनार में भेजे जाने पर और उचित परिवहन सुविधा उपलब्ध होने की स्थिति में कर्मचारियों को कार्यक्रम समाप्त होते ही उसी दिन वापस लौटना होगा। ऐसे कार्यों के लिए आने-जाने के नाम पर अतिरिक्त छुट्टी नहीं मिलेगी।
