Oplus_131072




हिमाचल प्रदेश में स्वाइन फ्लू का एक मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। आईजीएमसी शिमला में छह माह की बच्ची की स्वाइन फ्लू रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। बच्ची जिला कुल्लू की रहने वाली है और तेज बुखार के बाद परिजन उसे उपचार के लिए आईजीएमसी लेकर पहुंचे थे।


बच्ची की हालत और लक्षणों को देखते हुए चिकित्सकों ने स्वाइन फ्लू की जांच कराने की सलाह दी। इसके बाद उसका सैंपल प्रयोगशाला में भेजा गया, जहां जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई। फिलहाल बच्ची का उपचार आईजीएमसी में चिकित्सकों की निगरानी में चल रहा है।


स्वास्थ्य विभाग ने बढ़ाई निगरानी
मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने चिकित्सकों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। अस्पतालों में वायरल संक्रमण के लक्षण वाले मरीजों की निगरानी बढ़ाने और जरूरत के अनुसार रैंडम सैंपलिंग करने को कहा गया है।


स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से भी संक्रमण से बचाव के लिए सावधानी बरतने की अपील की है। विशेष रूप से भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क का इस्तेमाल करने और स्वच्छता का ध्यान रखने की सलाह दी गई है।


लक्षण दिखने पर जांच जरूरी
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. यशपाल रांटा ने आईजीएमसी में स्वाइन फ्लू का मामला सामने आने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि छह माह की बच्ची की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है और उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है।


स्वाइन फ्लू के प्रमुख लक्षणों में तेज बुखार, खांसी, गले में खराश, नाक बहना या बंद होना, सिरदर्द, शरीर में दर्द, कमजोरी, ठंड लगना और थकान शामिल हैं। बच्चों में सांस लेने में परेशानी, अत्यधिक सुस्ती, दूध या पानी कम पीना अथवा हालत बिगड़ना गंभीर संकेत हो सकते हैं।


स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को ऐसे लक्षणों को नजरअंदाज न करने और जरूरत पड़ने पर समय पर चिकित्सकीय जांच कराने की सलाह दी है।