Oplus_131072



हिमाचल प्रदेश में मानसून की बारिश एक बार फिर लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। लगातार बारिश के चलते प्रदेश के कई हिस्सों में सड़क संपर्क प्रभावित हुआ है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र की 8 सितंबर 2026 को सुबह 10 बजे जारी रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदेश में कुल 67 सड़कें बंद हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि फिलहाल किसी भी राष्ट्रीय राजमार्ग के बंद होने की सूचना नहीं है।


सबसे ज्यादा असर मंडी जिले में देखने को मिला है, जहां कुल 33 सड़कें बंद हैं। इनमें सराज उपमंडल की 27, सुंदरनगर की एक, सरकाघाट की तीन और थलौट डिवीजन की दो सड़कें शामिल हैं।
इसके बाद कुल्लू में 11 सड़कें बंद हैं। कुल्लू उपमंडल में चार, बंजार में दो, आनी में तीन और निरमंड में दो सड़कें प्रभावित हैं।
कांगड़ा में 10 सड़कें बंद हैं। इनमें कांगड़ा उपमंडल की एक, शाहपुर की पांच, पालमपुर की दो, देहरा की एक और धर्मशाला की एक सड़क शामिल है। वहीं सिरमौर में छह सड़कें बंद हैं, जिनमें नाहन की चार और संगड़ाह की दो सड़कें हैं।


इसके अलावा ऊना में तीन, शिमला में दो, सोलन में एक और लाहौल-स्पीति में एक सड़क बंद होने की सूचना है। वहीं बिलासपुर, चंबा, हमीरपुर और किन्नौर में रिपोर्ट के अनुसार फिलहाल सड़क बंद होने की कोई सूचना दर्ज नहीं की गई है।


⚡ बिजली-पानी की सेवाएं भी प्रभावित
बारिश का असर सिर्फ सड़कों तक सीमित नहीं है। रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में दो बिजली वितरण ट्रांसफार्मर (DTR) बाधित हैं और दोनों ही शिमला जिले में हैं। इसके अलावा शिमला में दो जलापूर्ति योजनाएं भी प्रभावित हुई हैं।


⚠️ मानसून में अब तक 114 मौतें
राज्य सरकार की मानसून क्षति रिपोर्ट के अनुसार 30 जून से 7 सितंबर 2026 तक प्रदेश में आपदा से 114 लोगों की मौत दर्ज की गई है। वहीं सड़क दुर्घटनाओं में 169 लोगों की जान गई है।
आपदा से हुई मौतों में भूस्खलन, बाढ़, डूबने, सर्पदंश, करंट लगने तथा पेड़ या चट्टान से गिरने जैसी घटनाएं शामिल हैं।


बारिश के कारण सरकारी और निजी संपत्ति को भी भारी नुकसान हुआ है। राज्य स्तर पर अब तक करीब 1,423 करोड़ रुपये का नुकसान दर्ज किया गया है।


लगातार बारिश के बीच प्रशासन के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती बंद सड़कों को बहाल करने और प्रभावित क्षेत्रों में बिजली-पानी की आपूर्ति सामान्य करने की है। खासकर मंडी और कुल्लू में बड़ी संख्या में सड़कें बंद होने से लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही है।