शिमला समेत कई इलाकों में रविवार को बादल छाए रहे। शिमला में मौसम ने कई रंग दिखाए। दोपहर बाद तक मौसम साफ रहा। शाम साढ़े चार बजे अचानक बादल आए और धूप के बीच करीब 15 मिनट बारिश होती रही। चंबा में जिला मुख्यालय, डलहौजी, तीसा, सलूणी, भरमौर, पांगी और भटियात में बारिश हुई। आधे घंटे के बाद मौसम साफ हो गया। 

कुल्लू के कुछ इलाकों में दिन के समय अंधड़ चलने से लोगों को परेशानी हुई। वहीं, मंडी, कांगड़ा, हमीरपुर में बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई। मैदानी इलाकों में गर्मी ने लोगों को पसीने छुड़ा दिए हैं। वहीं प्रदेश के अधिकांश इलाकों में मौसम साफ रहा। मौसम केंद्र शिमला ने सोमवार को चार जिलों में बारिश और अंधड़ का येलो अलर्ट जारी किया है। 26 जून तक विभिन्न जिलों में येलो अलर्ट रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार-पांच दिन में मानसून के आगे बढ़ने से मौसम में बड़ा बदलाव आएगा। रविवार को राज्य में मौसम लगभग शुष्क रहा। 

पांवटा साहिब में अधिकतम तापमान 38.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अगले तीन-चार दिन में तापमान दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। 22 से 25 जून के बीच राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। ऊंचे पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है। मौसम केंद्र ने 23 जून को पांच जिलों और 24 व 25 जून को छह जिलों के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम बुलेटिन के मुताबिक निचले और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम बिगड़ने की आशंका है। 

चंबा, कांगड़ा, कुल्लू व मंडी जिलों में 22 जून और इसके बाद 25 जून तक कुछ अन्य जिलों में बारिश, बिजली चमकने और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। राजधानी शिमला और आसपास के इलाकों में 23 से 25 जून तक अंधड़ और बिजली कड़कने का येलो अलर्ट रहेगा। सिरमौर जिले में 24 और 25 जून को मौसम बिगड़ने की संभावना है।

स्थानअधिकतम तापमान (°C)
बिलासपुर38.0
ऊना37.6
नेरी36.8
सुंदरनगर35.7
कांगड़ा35.6
मंडी34.9
नाहन34.0
भुंतर33.2
धर्मशाला33.1
शिमला26.6
कल्पा24.5