प्रदेश के कई भागों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। राज्य में जगह-जगह भूस्खलन से 100 से अधिक सड़कें यातायात के लिए बाधित हैं।

Himachal Weather: imd Heavy rainfall alert in many parts, many roads and  power transformers disrupted

हिमाचल प्रदेश के कई भागों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं गुरुवार रात को प्रदेश के कई भागों में बादल जमकर बरसे। जोगिंद्रनगर में 160.0, धर्मशाला 112.4, कटौला 112.3, भराड़ी 98.4, कंडाघाट 80.0, पालमपुर 78.2, पंडोह 76.0, बैजनाथ 75.0, कुफरी 70.8, शिमला 60.5, सुंदरनगर 34.8, कांगड़ा 30.4, बिलासपुर 25.0, हमीरपुर 31.5, जुब्बड़हट्टी 25.0 व सराहन में 26.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य के कई भागों में 9 व 10 अगस्त के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। 11 से 15 अगस्त के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। उधर, राज्य में जगह-जगह भूस्खलन से 100 से अधिक सड़कें यातायात के लिए बंद हैं। इसके अतिरिक्त 149 बिजली ट्रांसफार्मर व 47 जल आपूर्ति स्कीमें बाधित हैं। वहीं, शिमला में वन विभाग मुख्यालय के पास भूस्खलन हुआ है। इससे देवदार का एक पेड़ भी गिर गया।  पंथाघाटी पेट्रोल पंप के पास भी सड़क पर पेड़ गिर गया। इससे बिजली की तारें भी टूट गईं। 

सैंज घाटी में पागलनाला और त्रेहड़ा के बीच शुक्रवार की सुबह 33 केवी लाइन पर पेड़ गिर गया। इसके कारण घाटी की 15 ग्राम पंचायतों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है। सुबह करीब 8:00 बजे की इस घटना से सैंज-लारजी सड़क भी अवरूद्ध हो गई। इसके चलते सब्जी और फलों से भरे वाहन भी समय पर सब्जी मंडियों में नहीं पहुंच पाए