हिमाचल प्रदेश में अयोग्य घोषित छह विधायकों के क्षेत्रों में कांग्रेस को लीड दिलाने का दारोमदार अब दूसरी पंक्ति के नेताओं पर आ गया है। धर्मशाला, सुजानपुर, गगरेट, कुटलैहड़़, लाहौल-स्पीति और बड़सर विधानसभा क्षेत्र ने कांग्रेस की परेशानियां को और बढ़ा दिया है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के गृह संसदीय क्षेत्र हमीरपुर में चार विधानसभा क्षेत्रों सुजानपुर, गगरेट, कुटलैहड़़ और बड़सर के कांग्रेस विधायक बागी हुए हैं।

कांगड़ा और मंडी संसदीय क्षेत्र से भी दो विधायक अब सत्ताधारी कांग्रेस पार्टी के साथ नहीं हैं। 14 माह तक सरकार के साथ चलने वाले नालागढ़, हमीरपुर और देहरा के तीन निर्दलीय विधायकों ने भी कांग्रेस का साथ छोड़ दिया है। ऐसे में कांग्रेस पार्टी और सरकार को अब प्रदेश के नौ विधानसभा क्षेत्रों में नये सिरे से रणनीति बनाकर दमखम दिखाना होगा।