उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि आने वाले चुनावों में हिमाचल प्रदेश के मतदाता खरीद फरोख्त की राजनीति को करारा जवाब देंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने एक चुनी हुई सरकार को धनबल से गिराने की साजिश रची जोकि दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जनता भाजपा को हिमाचल प्रदेश की संस्कृति को क्लंकित करने के कुकृत्य को कभी माफ नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की चारों लोकसभा सीटें और 6 विधानसभा सीटों पर हो रहे उपचुनावों में कांग्रेस पार्टी भारी मतों से विजय हासिल करेगी।

केवल सिंह पठानिया ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू एक आम परिवार से निकलकर कड़ी मेहनत के बाद मुख्यमंत्री की कुर्सी तक पहुंचे हैं, इसीलिए वे जन समस्याओं से भलीभांति परिचित हैं। उनके नेतृत्व में वर्तमान राज्य सरकार ने जन कल्याण के लिए अनेकों योजनाएं तैयार की और उन्हें धरातल पर उतारा। मुख्यमंत्री की शपथ लेने के बाद सुखविंद्र सिंह सुक्खू सीधे बालिका आश्रम गए और उनकी मुश्किलों को समझते हुए अनाथ बच्चों के लिए मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना शुरू की। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने देश के इतिहास में पहली बार अनाथ बच्चों के लिए कानून बनाकर उन्हें चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट के रूप में अपनाया