
हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले कई क्षेत्रों में बर्फबारी का दाैर जारी है। जबकि निचले कई क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई है। जिला चंबा के पांगी और भरमौर सहित लाहाैल, किन्नाैर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी दर्ज की गई है। पांगी उपमंडल में बर्फबारी होने से किलाड़-लाहौल राष्ट्रीय राजमार्ग समेत आधा दर्जन सड़कों पर यातायात प्रभावित है। बर्फबारी से पांगीवासियों की दिक्कतें बढ़ती नजर आ रही हैं। कुल्लू में 16, लाहौल-स्पीति में 121 सड़कें अभी भी ठप हैं। शिमला में बादल छाए हुए हैं। चंबा और लाहौल घाटी में बुधवार को हिमखंड गिरे। जनजातीय क्षेत्र पांगी की कुमार सड़क पर हिमखंड गिर गया। इससे सड़क बंद हो गई है। मनाली से लेेकर लाहौल तक भी जगह-जगह हिमस्खलन हो रहा है।
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 13 मार्च से 16 मार्च 2025 की शाम तक लाहौल-स्पीति, किन्नौर सहित कांगड़ा, चंबा, शिमला, कुल्लू जिलों के ऊंचे इलाकों में कई स्थानों पर हल्की और मध्यम बर्फबारी की संभावना है। जबकि सोलन, हमीरपुर, बिलासपुर और ऊना जिले सहित कांगड़ा, चंबा, शिमला, मंडी, सिरमौर और कुल्लू के शेष भागों में गरज के साथ हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना है। वहीं राज्य के पर्यटन स्थलों मनाली, सोलंग घाटी, सिस्सू और आसपास के क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। शिमला शहर और आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश की संभावना है। 17 मार्च से पूरे प्रदेश में माैसम साफ रहने की संभावना है