
हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा में दीपावली के दौरान आगजनी की कई घटनाओं ने लोगों की खुशियों को चिंता में बदल दिया। चुराह और जनजातीय क्षेत्र पांगी में हुए अग्निकांड में सूखा घास, सेब के पौधे, मक्की की फसल और मकान आग की भेंट चढ़ गए। इन घटनाओं में लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार अकेले पांगी में तीन परिवारों को करीब 12 से 15 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
चुराह में 500 घास की गड्डियां और 200 सेब के पौधे जले
चुराह के थनेईकोठी क्षेत्र में इंडल गांव से करीब 300 मीटर ऊपर आग लगने से भाग सिंह पुत्र हरी लाल की घास की लगभग 500 गड्डियां और करीब 200 सेब के पौधे जलकर राख हो गए। इसके अलावा कमल पुत्र बैंसू का मक्की का कूंदू भी आग की चपेट में आ गया। सुकयाली में भी घास जलने की सूचना सामने आई है।
वहीं, चंबा शहर के कश्मीरी मोहल्ले, सूही मंदिर के साथ लगती पहाड़ी और चामुंडा पहाड़ी पर भी झाड़ियों में आग लगने की घटनाएं सामने आईं।
पांगी के पुन्टो गांव में तीन मकान आग की चपेट में
उधर, जनजातीय उपमंडल पांगी की ग्राम पंचायत करेल के पुन्टो गांव में सोमवार सुबह करीब 5 से 6 बजे के बीच आग लगने से तीन परिवार प्रभावित हो गए। आग सबसे पहले मान सिंह पुत्र गुरदत्ता के मकान में लगी। इसके बाद आग की लपटें साथ लगते विशन सिंह पुत्र देवी सिंह और संसार चंद पुत्र दौली राम के मकानों तक पहुंच गईं।
तीनों मकान आपस में सटे होने के कारण आग तेजी से फैल गई। इस दौरान मकानों की ऊपरी मंजिल के कमरे, घास रखने के शेड और उनमें रखा सूखा घास जलकर राख हो गया।
तंदूर की चिंगारी से आग लगने की आशंका, 15 लाख तक नुकसान
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का संभावित कारण तंदूर से उठी चिंगारी बताया जा रहा है। घटना के बाद ग्रामीणों ने एकजुट होकर कड़ी मशक्कत की और आग पर काबू पाया।
राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। हालांकि, तीनों प्रभावित परिवारों को करीब 12 से 15 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान होने का अनुमान है। राजस्व विभाग की ओर से नुकसान का आधिकारिक आकलन किया जाना अभी बाकी है।
