हिमाचल प्रदेश में सरकारी कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग हमीरपुर में प्रतिनियुक्ति के आधार पर विभिन्न रिक्त पदों पर सेवाएं देने के इच्छुक कर्मचारियों को आवेदन करने के लिए अतिरिक्त समय दिया गया है। आयोग ने आवेदन जमा करवाने की अंतिम तिथि एक सप्ताह बढ़ा दी है। अब पात्र कर्मचारी 16 नवंबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे।

राज्य चयन आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन की ओर से इस संबंध में अधिसूचना जारी की गई है। पहले इन पदों के लिए आवेदन जमा करवाने की अंतिम तिथि 7 नवंबर 2026 निर्धारित की गई थी, जिसे अब बढ़ाकर 16 नवंबर 2026 कर दिया गया है। इच्छुक कर्मचारी 16 नवंबर को शाम 5 बजे तक अपने आवेदन भेज सकते हैं।

इससे पहले आयोग ने 1 अक्तूबर और 30 अक्तूबर 2026 को जारी कार्यालय पत्रों के माध्यम से प्रदेश सरकार के विभिन्न विभागों, बोर्डों, निगमों और स्वायत्त निकायों में कार्यरत कर्मचारियों से प्रतिनियुक्ति के आधार पर सेवाएं देने के लिए आवेदन आमंत्रित किए थे।

आयोग की ओर से जारी सूचना के अनुसार प्रदेश सरकार के अधीन विभिन्न विभागों, बोर्डों, निगमों और स्वायत्त संस्थाओं में कार्यरत पात्र कर्मचारी इन पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने के इच्छुक कर्मचारियों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपने संबंधित विभाग के सक्षम प्राधिकारी की अनुशंसा के साथ उचित माध्यम से आवेदन आयोग के कार्यालय तक पहुंचाने होंगे।

आयोग ने सभी प्रशासनिक सचिवों, विभागाध्यक्षों, मंडलायुक्तों, उपायुक्तों और अन्य संबंधित अधिकारियों को भी निर्देश दिए हैं कि आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाए जाने की सूचना अपने अधीनस्थ कार्यालयों और पात्र कर्मचारियों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें।

ऐसे में राज्य चयन आयोग में प्रतिनियुक्ति पर सेवाएं देने के इच्छुक सरकारी कर्मचारियों के पास आवेदन करने के लिए अब 16 नवंबर 2026 शाम 5 बजे तक का समय है।