शिमला में ऑनलाइन ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां फेसबुक पर स्टॉक ट्रेडिंग सिखाने के नाम पर लोगों से लाखों रुपये ठग लिए गए।जानकारी के मुताबिक, ठगों ने पहले खुद को स्टॉक ट्रेडिंग एक्सपर्ट बताकर लोगों को सोशल मीडिया के जरिए जोड़ा। इसके बाद व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर ऑनलाइन क्लासेस शुरू की गईं, जिनमें ट्रेडिंग और निवेश के गुर सिखाए गए।शिकायतकर्ताओं राज बहादुर और उनकी रिश्तेदार कुलवंती को भी इसी तरह भरोसे में लिया गया

उन्हें “एलीट अलायंस” नाम से ऑनलाइन क्लासेस का लिंक दिया गया और प्रोफेसर आदित्य सिंह व डॉ. आरव नाम के कथित मेंटर्स के जरिए ट्रेनिंग दी गई।क्लासेस के दौरान आरोपियों ने खुद को सेबी से पंजीकृत कंपनी से जुड़ा बताया और निवेश के लिए प्रेरित किया। इसके बाद आईपीओ में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर दोनों से लाखों रुपये अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर करवाए गए।राज बहादुर ने करीब 3.30 लाख रुपये और कुलवंती ने करीब 2.92 लाख रुपये निवेश किए।

इस तरह कुल 6.22 लाख रुपये की ठगी की गई।हैरानी की बात यह रही कि पैसे ट्रांसफर करने के अगले ही दिन ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म का लिंक बंद हो गया और आरोपियों के सभी फोन नंबर भी स्विच ऑफ आने लगे। काफी समय तक पैसे वापस मिलने की उम्मीद में इंतजार करने के बाद पीड़ितों ने आखिरकार पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।मामला अब छोटा शिमला थाना में दर्ज किया गया है।

पुलिस ने आईपीसी की धारा 420 और 120बी के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बैंक ट्रांजेक्शन, कॉल डिटेल और व्हाट्सएप चैट के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।

👉 पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर मिलने वाले निवेश और मुनाफे के झांसों से सावधान रहें और बिना जांच-पड़ताल के पैसे निवेश न करें।