
बिजली मीटर और राशन कार्डों के बाद अब महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के मजदूरों को भी भी ‘मैं भी जिंदा हूं’ का प्रमाण पत्र देना होगा। इसके लिए हिमाचल प्रदेश में मनरेगा कार्यों में पंजीकृत करीब 28,69,589 मजदूरों की ई-केवाईसी करवाई जाएगी। इसमें मजदूर की न केवल फोटो, बल्कि दो से तीन बार पलक झपकाने की प्रक्रिया भी अपलोड होगी। जानकारी के अनुसार हिमाचल प्रदेश में मनरेगा मजदूरों की ई-केवाईसी की जाएगी। इसके लिए 31 अक्तूबर तक का समय रखा गया है। 31 अक्तूबर तक मनरेगा मजदूरों की ई-केवाईसी प्रक्रिया को पूरा करना होगा। हिमाचल प्रदेश में 15,55,708 के करीब परिवारों के जॉबकार्ड बने हैं, जिनमें करीब 28,69,589 सदस्य पंजीकृत हैं। इनमें उन्हीं मनरेगा मजदूरों की ई-केवाईसी होगी, जोकि मनरेगा कार्यों में अपनी भागीदारी निभाते हैं और एक्टिव हैं।
अब मनरेगा जॉबकार्ड धारक परिवारों में सक्रिय मजदूरों को नियमित रोजगार देने के साथ ही अब उनके जीवित होने का प्रमाणपत्र भी वेबसाइट पर अपलोड करना होगा। ई-केवाईसी का यह कार्य भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय की तरफ से दिए गए नेशनल मोबाइल मॉनिटरिंग सिस्टम (एनएमएमएस) के माध्यम से 31 अक्तूबर तक करना होगा। जानकारी के अनुसार, ई-केवाईसी के लिए मोबाइल पर नेशनल मोबाइल मॉनिटरिंग सिस्टम के साथ ही आधार फेस प्रमाणीकरण एप को भी इंस्टॉल करना होगा। इसके माध्यम से मनरेगा मजदूरों के जीवित होने का प्रमाण पत्र अपलोड किया जाएगा। इससे पहले यह प्रक्रिया प्रदेश के दो जिलों में ट्रायल बेस पर चली हुई थी, लेकिन अब इसे सभी जिलों में लागू कर दिया गया है। वहीं बताया जा रहा है कि इस ई-केवाईसी के कार्य को ग्राम पंचायतों में तैनात ग्राम रोजगार सेवक (जीआरएस) करेंगे।
मनरेगा जॉबकार्ड पर अंकित सभी सक्रिय मजदूरों की ई-केवाईसी की जाएगी। यह ई-केवाईसी भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय ने नेशनल मोबाइल मॉनिटरिंग सिस्टम पर होगी। इसे जिले की विभिन्न पंचायतों में तैनात ग्राम रोजगार सेवक करेंगे। यह काम 31 अक्तूबर तक होगा।-भानू प्रताप सिंह, जिला विकास अधिकारी, कांगड़ा
जिला परिवार व्यक्ति
बिलासपुर 96758 177832
चंबा 148046 277129
हमीरपुर 123944 192260
कांगड़ा 311410 583060
किन्नौर 21088 41122
कुल्लू 101889 202736
लाहुल-स्पीति 6771 14363
मंडी 298164 542692
शिमला 162524 339994
सिरमौर 104161 202739
सोलन 96201 170479
ऊना 84752 125183
कुल 15,55,708 2869589
