होली के दिन पूर्व विधायक बंबर ठाकुर गोलियां बरसाने के मामले में 72 घंटे बाद भी पुलिस शूटरों तक नहीं पहुंच पाई है। पुलिस ने इस मामले में अभी तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया लेकिन हमले में शामिल चार मुख्य शूटरों सहित पांच आरोपी फरार हैं।

इस मामले में हरियाणा पुलिस ने कुछ संदिग्धों को रोहतक में हिरासत में लिया है, जिनकी पहचान के लिए बोलेरो चालक रितेश को पुलिस हरियाणा लेकर गई है। वहीं अब तक जो आरोपी पुलिस रिमांड पर हैं उन पर बंबर की रेकी कराने और आरोपियों को संरक्षण देने का आरोप है। गोलीकांड को अंजाम देने वाले चार मुख्य आरोपी थे। लेकिन अब तक दो शूटरों की ही पहचान हो सकी है। वे भी अभी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। बताया जा रहा है कि पुलिस ने अज्ञात आरोपी शूटरों के स्केच भी तैयार कराए हैं। उनके आधार पर उन्हें ढूंढने का प्रयास किया जा रहा है।

शूटर होली वाले दिन पूरी योजना के साथ गोलीकांड को अंजाम देने के लिए बिलासपुर के वीआईपी सेक्टर चंगर पहुंचे थे। वारदात को अंजाम देने के बाद भागने में सफल रहे। गोलीकांड से जिस स्थानीय युवक सौरभ पटियाल के तार जुड़ रहे हैं, वह पुलिस के हाथ नहीं लगा है। हिमाचल के साथ हरियाणा पुलिस भी आरोपियों की तलाश में जुटी है। तीन जिलों के एसपी और पुलिस फोर्स प्रदेश में ही आरोपियों को पकड़ने में पूरी तरह से नाकाम रही। हाईवे पर और शहर में लगे सीसीटीवी फुटेज से भले ही वाहन और कुछ स्थानीय आरोपियों को पकड़ने में मदद मिली है, लेकिन अब फरार आरोपी पुलिस को नाकों चने चबवा रहे हैं।