
धर्मशाला। देश के लिए बलिदान देने वाले मेजर अभिजय थापा को श्रद्धांजलि स्वरूप रामनगर में चार लाख रुपये की लागत से स्मृति गेट बनाया जाएगा। सोमवार को विधायक सुधीर शर्मा ने स्मृति गेट का शिलान्यास किया। इस अवसर पर बलिदानी के पिता सुनील थापा और माता सुनीता थापा विशेष रूप से मौजूद रहीं।
विधायक ने कोतवाली स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा के अतिरिक्त भवन के निर्माण के लिए 10 लाख रुपये और चेलियां के पिंगलेश्वर महादेव मंदिर में बन रहे सामुदायिक भवन की छत के लिए आठ लाख रुपये की राशि भी स्वीकृत की। उन्होंने दोनों के निर्माण कार्य का शिलान्यास भी किया। उन्होंने कहा कि मेजर थापा का योगदान सदैव याद रखा जाएगा और युवाओं को उनके पदचिन्हों पर चलने की प्रेरणा दी जाएगी।
इस दौरान कार्यक्रमों में नगर निगम उप महापौर तेजेंद्र कौर, पार्षद अनुज धीमान, पार्षद राजकुमारी, भाजपा संगठनात्मक जिला कांगड़ा अध्यक्ष सचिन शर्मा, धर्मशाला (शहरी) अध्यक्ष डॉ. विशाल नेहरिया, जिला कोषाध्यक्ष दिनेश बरसेन, महामंत्री राजेश वर्मा, मंडल प्रवक्ता डॉ. अश्वनी कौल, कैप्टन रमेश अटवाल, चंद्र भारद्वाज और सर्वजीत धीमान सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।
