
कंडवाल (कांगड़ा)। उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से हिमाचल के बाढ़ प्रभावितों के लिए भेजी 26 ट्रक राहत सामग्री मंगलवार को विधायक रणवीर सिंह निक्का के कंडवाल स्थित कार्यालय पहुंची। राहत सामग्री से भरे सभी ट्रक नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल और अन्य भाजपा नेताओं की उपस्थिति में यूपी सरकार के मंत्री जसवंत सिंह सैनी ने सौंपी। जयराम ठाकुर ने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्य नाथ योगी ने हिमाचल में बाढ़ प्रभावितों की मदद के लिए प्रदेश सरकार को पांच करोड़ और बाढ़ प्रभावितों के लिए राहत सामग्री से भरे लगभग 26 ट्रक भेजे हैं। उन्होंने इसके लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई दौरा किया और स्थिति का जायजा लिया और आर्थिक मदद का एलान भी किया। वहीं, उत्तर प्रदेश के मंत्री जसवंत सिंह ने कहा कि सीएम आदित्य नाथ योगी ने हिमाचल के बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए 26 ट्रक राहत सामग्री के भेजे हैं और 11 और ट्रक बुधवार तक पहुंच जाएंगे। उन्होंने भगवान से प्रार्थना की कि अब हिमाचल में प्राकृतिक आपदा न आए और लोग खुशहाल-समृद्ध रहें। इस अवसर नूरपुर के विधायक रणवीर सिंह निक्का ने इस राहत सामग्री के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और राहत सामग्री लेकर आए मंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने हिमाचल प्रदेश के लिए प्रधानमंत्री द्वारा 1500 करोड़ की आर्थिक मदद देने के लिए भी आभार व्यक्त किया।
