
हिमाचल प्रदेश के जनजाजीय जिले लाहौल-स्पीति में ताजा बर्फबारी हुई है। लाहौल घाटी की ऊंची चोटियों में बर्फबारी होने से चोटियां सफेद हो गई हैं। वहीं स्पीति के लोसर गांव में शुक्रवार रात से लगातार बर्फबारी जारी है। अभी तक करीब 10 सेंटीमीटर बर्फ गिरी है। ताजा बर्फबारी के बाद ग्रांफू-लोसर सड़क मार्ग बहाली में बीआरओ को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
हिमपात के कारण घाटी का पारा शून्य से पांच डिग्री नीचे लुढ़क गया है। वहीं कुल्लू जिले में आधी रात के बाद तेज बारिश हुई। कई इलाकों में ओलावृष्टि की सूचना है। बीते 24 घंटों के दाैरान कुकुमसेरी में 15.8, भुंतर 14.0, सेऊबाग 13.0, केलांग 8.0, ब्राह्मणी 7.2, ओलिंडा 7.0, मनाली और कल्पा 6.0, मुरारी देवी 5.8, जोत 4.8, सुंदरनगर 4.0, बजौरा 3.5, बरठीं 3.2, ऊना और रामपुर में 2.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला ने शनिवार के लिए कई भागों में भारी बारिश, अंधड़ और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दाैरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। 20 अप्रैल को भी कुछ स्थानों पर अंधड़ चलने का येलो अलर्ट है। कुछ भागों में 22 अप्रैल तक माैसम खराब रहने का पूर्वानुमान है।