हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को शिमला के ऐतिहासिक रिज पर पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को उनकी पुण्यतिथि पर पुष्पांजलि अर्पित की। श्रद्धांजलि देने के बाद पत्रकारों से बातचीत में सीएम सुक्खू ने कहा कि अटल सौम्य थे, सरल थे और उत्कृष्ट वक्ता भी थे। विचारधारा भले ही अलग रही, लेकिन राष्ट्रीय हितों के प्रश्न पर वे सदा एकजुटता का उदाहरण रहे। राजीव गांधी के नेतृत्व वाली सरकार ने उन्हें संयुक्त राष्ट्र महासभा में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए भेजा था।

यह उस दौर की लोकतांत्रिaक परिपक्वता और आपसी सम्मान का प्रतीक था।  उन्होंने कहा कि वाजपेयी अपने विचारों की स्पष्टता के लिए जाने जाते थे और हिमाचल प्रदेश के साथ उनका विशेष लगाव था, क्योंकि कुल्लू जिले के प्रीणी में उनका एक घर था।  वे हिमाचल की खूबसूरत वादियों में अक्सर आया करते थे। इस अवसर पर विधायक हरीश जनारथा, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान, महापौर सुरेंद्र चौहान, उप महापौर उमा कौशल, शिमला नगर निगम के पार्षद, उपायुक्त अनुपम कश्यप और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।

वहीं उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा, ‘पूरा देश आज अटल बिहारी वाजपेयी को याद कर रहा है, हमने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने मूल्यों की राजनीति की, उन्हें एक उदार नेता माना जाता था, अन्य दलों के नेता भी उनका सम्मान करते थे… दलगत राजनीति से ऊपर उठकर आज हम सब उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।’