
प्रदेश सरकार ने अनुकंपा आधार पर नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे 202 लोगों को नौकरी प्रदान की है।इनमें शिक्षा विभाग में 127 तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के पदों पर नियुक्तियां की गई हैं, जिनमें जेओए (आईटी) एवं मल्टी टास्क वर्कर शामिल हैं। इसके अतिरिक्त गृह विभाग में 74 लोगों को नियुक्ति दी गई है, जिनमें 70 जेओए (आईटी) तथा चार चतुर्थ श्रेणी के पद शामिल हैं। वहीं अभियोजन विभाग में एक व्यक्ति को भी नियुक्ति प्रदान की गई है।मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इसे नववर्ष का उपहार बताते हुए कहा कि लंबे समय से अनुकंपा आधार पर नियुक्ति का इंतजार कर रहे लोगों की अनदेखी की गई थी। उन्होंने कहा कि पिछली भाजपा सरकार के कार्यकाल में अनुकंपा आधार पर नौकरी चाहने वाले परिवारों के न्यायसंगत दावों को नजरअंदाज किया गया, जिससे अनेक परिवार लंबे समय तक अनिश्चितता की स्थिति में रहे।मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार ने उनकी पीड़ा को समझते हुए उन्हें नियुक्तियां प्रदान की हैं, ताकि वे सम्मानजनक जीवन यापन कर सकें। उन्होंने कहा कि सरकार इन परिवारों की गरिमा बहाल करने और उन्हें वह सुरक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है, जिसका उन्हें भरोसा दिलाया गया था, ताकि उन्हें किसी प्रकार का कष्ट न झेलना पड़े।
