हिमाचल प्रदेश में अब अनुबंध व्यवस्था खत्म कर अब जॉब ट्रेनी की नियुक्ति होगी। राज्य सरकार ने ग्रुप-ए, बी व सी कैडर में जॉब ट्रेनी की नियुक्ति के लिए एक नई योजना शुरू करने का निर्णय लिया है। सरकार के अनुसार पिछले कुछ समय से एक संरचित, प्रदर्शन संचालित ढांचे के माध्यम से एक पेशेवर और सुप्रशिक्षित कार्यबल को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर सक्रिय रूप से विचार किया जा रहा है। इस पर गहन विचार-विमर्श के बाद अब सरकार और उसके संस्थानों के  ग्रुप-ए, बी व सी कैडर में जॉब ट्रेनी की नियुक्ति के लिए एक नई योजना शुरू करने का निर्णय लिया है।

सरकार के अनुसार इसका उद्देश्य एक पारदर्शी, योग्यता आधारित चयन प्रक्रिया को संस्थागत बनाना और एक संरचित और प्रदर्शन संचालित ढांचे के माध्यम से एक पेशेवर, सुप्रशिक्षित कार्यबल के विकास को बढ़ावा देना है। इस योजना के अंतर्गत, खुली प्रतियोगी परीक्षाओं के माध्यम से चयनित उम्मीदवारों को एक समेकित निश्चित राशि पर ट्रेनी के रूप में नियुक्त किया जाएगा। इस जॉब ट्रेनी कार्यकाल के दौरान उन्हें भूमिका विशिष्ट प्रशिक्षण दिया जाएगा और व्यावहारिक अनुभव प्राप्त  होगा, जिससे वे सार्वजनिक सेवा वितरण के लिए आवश्यक ज्ञान, कौशल और अभिविन्यास विकसित कर सकेंगे। इस सुधार उन्मुख ढांचे से नए कर्मियों के बीच अधिक जवाबदेही, प्रेरणा और व्यावसायिकता लाने के साथ प्रशासनिक तंत्र को मजबूत करने और शासन की गुणवत्ता बढ़ाने की उम्मीद है।