
हिमाचल प्रदेश में अब स्कूलों की अंडर 12, 14 और 19 की खेलकूद प्रतियोगिताएं एक साथ होंगी। एक माह के भीतर सभी प्रतियोगिताओं को पूरा करने के लिए शिक्षा विभाग ने बदलाव कर दिया है। शुक्रवार को राज्य सचिवालय में शिक्षा सचिव राकेश कंवर की अध्यक्षता में हुई स्कूल खेल संघ की बैठक में यह फैसला लिया गया। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि छात्र और छात्राओं की खेलकूद प्रतियोगिताएं अलग-अलग होंगी।
प्रतियोगिताओं का शेड्यूल इस प्रकार तय किया जाएगा कि एक माह के भीतर सभी वर्गों के आयोजना हो जाएं। सभी वर्गों की प्रतियोगिताएं एक साथ होने से खिलाडि़यों के लिए प्रतियोगिताओं की तैयारी करवाने के लिए अतिरिक्त समय जाया नहीं करना पड़ेगा। इससे पढ़ाई भी प्रभावित नहीं होगी। प्रतियोगिताएं एक साथ होने से समय व बजट की बचत होगी। अभी अलग अलग प्रतियोगिताएं होने से दो से तीन महीने निकल जाते हैं। शिक्षकों की ड्यूटी भी इसी कार्य में लगी रहती है।
